Saturday, June 13, 2015

वर्ण-आधारित आश्रम-धर्म -2

श्रेयो हि ज्ञानमभ्यासाज्ज्ञानाद्ध्यानं विशिष्यते ।
ध्यानात्कर्मफलस्त्यागस्त्यागाच्छान्तिरनन्तरम् ॥
(श्रीमद्गगवद्गीता 12/12)
--
योग को परिभाषित करने के बजाय योग जिन चार स्तंभों पर स्थापित है, या योग-प्राप्ति के जो चार सोपान हैं, उनका विवरण उक्त श्लोक में अनायास प्राप्त होता है ।
पहला शब्द है ’श्रेय’ अर्थात् शुभ, कल्याणकारी, व्यक्ति और समष्टि सबके लिए .
मनुष्य दो वस्तुओं से परिचित है ’अभ्यास’ और ’ज्ञान’
इनमें से  पहला शब्द, सर्वप्रथम है, - 'अभ्यास' जो या तो होता है, या 'किया' जाता है।
हम किसी 'विश्वास' से युक्त होते ही हैं या फिर किन्हीं बाह्य 'प्रेरणाओं' द्वारा उसे 'किए' जाने के लिए बाध्य होते हैं।  यह बाह्य-प्रेरणाएँ भय, आशा, सुरक्षा की चिंता, या लोभवश या बस हमारी मूढ़ताजनित अंधी स्वीकृति के कारण ही हमें किसी 'विश्वास' या 'विश्वास' पर आधारित अभ्यास से संलग्न कर देती हैं।
दूसरा शब्द है ज्ञान अर्थात् किसी रूप में परिचय होना।  यह इन्द्रिय-संवेदन (sensory perception) के रूप में  या उसके परिणाम से उत्पन्न होनेवाली  'अनुकूल' / 'प्रतिकूल' स्थिति अर्थात् क्रमशः 'सुख' या 'दुःख के रूप में भी हो सकता है।  पुनः यह किसी विचार के रूप में भी हो सकता है जो हमें 'ग्राह्य' / 'अग्राह्य', रुचिकर या अरुचिकर लग सकता है।  इसके बाद यह केवल एक 'निष्कर्ष' भी हो सकता है जो 'स्थायी' अथवा 'अस्थायी' होता है किन्तु हम उसे मोहवश स्थायी समझने का आग्रह भी रख सकते हैं  …
इस रूप 'में 'ज्ञान' भी अभ्यास से प्रभावित होता है और अभ्यास को प्रभावित भी करता है। ज्ञान-रहित अभ्यास के 'श्रेयस्कर' होने की अपेक्षा ज्ञान-सहित अभ्यास के श्रेयस्कर होने की संभावना अधिक है।  पुनः यह ज्ञान स्वयं भी अधूरा, अपरिपक्व, संशययुक्त, दोषपूर्ण या दुराग्रहपूर्ण हो यह भी बिलकुल संभव है।
तीसरा शब्द है 'ध्यान' . ध्यान अर्थात सावधानी / सतर्कता / सचेतनता / विवेक इसलिए वह कसौटी है जो ज्ञान के यथासंभव और अधिकतम शुद्ध पूर्ण होने के लिए एकमात्र युक्ति / उपाय हो सकता है।
इन्द्रियों और मन-बुद्धि 'ध्यान' की क्षमता से रहित होते हैं और यंत्रवत कार्य करते हैं किन्तु यंत्र स्वयं किसी चेतन स्वामी के आधीन रहकर ही उसे श्रेयस्कर हो सकता है।
ध्यान (attention) इसलिए प्रत्यक्षतः कोई क्रिया या कृत्य न होते हुए भी इन्द्रियों और मन-बुद्धि आदि पर नियंत्रण में रखता है, इसलिए यह ज्ञान से भी विशिष्ट / विलक्षण साधन है,  ज्ञान से भी अधिक महत्वपूर्ण है।
प्रायः इस 'ध्यान' का उपयोग इसके चेतन स्वामी द्वारा किसी उद्देश्य या लक्ष्य की प्राप्ति के लिए किए जाने तक सीमित होता है।  और स्वाभाविक ही है कि सम्पूर्ण शक्ति लगाने और सारे प्रयासों के बाद भी उस उद्देश्य  / लक्ष्य कभी हो पाती है तो कभी कभी नहीं भी हो पाती। और जीवन के सुचारु रूप से चलने हेतु जिन न्यूनतम लक्ष्यों को पाया जाना होता है उन्हें अल्प-बुद्धिमान भी प्रायः पा ही लेते हैं।  किन्तु समस्या उन अधिक (?) बुद्धिमानों के लिए है जो उन लक्ष्यों / आदर्शों की प्राप्ति में मन की स्वाभाविक सहज, अनायास प्राप्त शान्ति को खो बैठते हैं, और इसे 'प्रगति' या विकास समझते हैं। अज्ञान से अज्ञान में  गति करते रहना क्या वास्तविक प्रगति है?
उन अति-बुद्धिमानों के लिए यही श्रेयस्कर होगा कि वे इसे समझकर कि 'कर्म' के फल की प्राप्ति का मनुष्य की फल-प्राप्ति के लिए होनेवाली आशा और प्रयास से कोई सम्बन्ध नहीं है क्योंकि फल-प्राप्ति कुछ अन्य ऐसे कारणों पर भी आश्रित होती है जो मनुष्य के लिए सदैव अज्ञात होते हैं। इसलिए जो कर्म-फल पर अपना अधिकार न रखते हुए कर्म करता है, वह उस स्वाभाविक सहज अनायास प्राप्त होनेवाली शान्ति से विचलित  ही नहीं होता।
--                 

No comments:

Post a Comment