Showing posts with label युधिष्ठिर. Show all posts
Showing posts with label युधिष्ठिर. Show all posts

Tuesday, August 13, 2024

युधिष्ठिर

कौन है युधिष्ठिर ?

अध्याय ४

श्रीभगवानुवाच --

इमं विवस्वते योगं प्रोक्तवानहमव्ययम्।।

विवस्वान् मनवे प्राह मनुरिक्ष्वाकवेऽब्रवीत्।।१।।

एवं परम्पराप्राप्तमिमं राजर्षयो विदुः।।

स कालेनेह महता योगो नष्टः परन्तप।।२।।

स एव मया तेऽद्य योगः प्रोक्तः पुरातनः।।

भक्तोऽसि सखा चेति रहस्यमेतदनुत्तमम्।।३।।

अर्जुन उवाच --

अपरं भवतो जन्म परं जन्म विवस्वतः।।

कथमेतद्विजानीयां त्वमादौ प्रोक्तवानिति।।४।।

श्रीभगवानुवाच --

बहूनि मे व्यतीतानि जन्मानि तव चार्जुन ।।

तान्यहं वेद सर्वाणि न त्वं वेत्थ परन्तप।।५।।

इस युद्ध में अर्जुन मोहित बुद्धि के वश में हो, अनिश्चय से ग्रस्त हो गया अर्थात् वह अस्थिरमति हो गया। जबकि भगवान् श्रीकृष्ण की बुद्धि अर्थात् मति सदा की भाँति एक जैसी स्थिर थी। जिसकी बुद्धि युद्ध के समय स्थिर होती है उसे युधिष्ठिर कहा जाता है-

युधि स्थिरा मतिः यस्य स युधिष्ठिरो उच्यते।।

इसलिए श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश भगवान् श्रीकृष्ण के  द्वारा किंकर्तव्यविमूढ अस्थिरमति अर्जुन को दिया गया, न कि उसके बड़े भाई युधिष्ठिर को।

युधिष्ठिर को इसीलिए धर्मराज भी कहा जाता है। 

***

Tuesday, May 18, 2021

2. अभ्यास-योग

भगवान् श्रीकृष्ण ने कहा :
हे युधिष्ठिर! 
वैसे तो प्राणिमात्र पर ही मेरी सदा अत्यन्त कृपा रहती है, किन्तु मेरी ही त्रिगुणात्मिका माया का आवरण बुद्धि पर होने से किसी को भी मेरी इस कृपा का आभास तक नहीं होता। किन्तु इसमें
किसी का कोई दोष भी नहीं, क्योंकि जैसे बुद्धि माया से प्रेरित होती है, उसी तरह यह त्रिगुणात्मिका माया स्वयं भी मुझ पर ही आश्रित, मुझसे ही प्रेरित होकर अपने असंख्य कार्य करती रहती है। यह सारा प्रपञ्च मेरी ही लीला है और इसलिए न तो कोई पतित है, न पापी और न पुण्यवान। सभी मेरे ही व्यक्त प्रकार हैं। विभिन्न नाम-रूपों से वे अपनी अपनी भूमिका का निर्वाह करते हुए दिखाई देते हैं, किन्तु वस्तुतः न कोई कर्ता, न भोक्ता, न स्वामी और न ज्ञाता होता है। व्यक्त देह से संबद्ध बुद्धि में ही कर्म की कल्पना प्रस्फुटित होती है और देह, तथा देह का जिस जगत में आभास होता है, वह जगत तथा वह चेतना जिसमें देह और जगत की प्रतीति उत्पन्न होती है, मेरा ही प्रकाश और प्रकाश का विस्तार है। 
इसी पृष्ठभूमि में मैंने अर्जुन के लिए अभ्यास-योग का उपदेश इस प्रकार से किया था। :
श्रेयो हि ज्ञानमभ्यासाज्ज्ञानात्-ध्यानं विशिष्यते।
ध्यानात्कर्मफलत्यागस्त्यागाच्छान्तिरनन्तरम् ।। १२ 
(अध्याय १२)
किन्तु इस श्लोक का सन्दर्भ जिन दूसरे श्लोकों से है, वे क्रमशः  (अध्याय ११ में) इस प्रकार से हैं :
अर्जुन उवाच :
किरीटिनं गदिनं चक्रहस्तमिच्छामि त्वां द्रष्टुमहं तथैव। 
तेनैव रूपेण चतुर्भुजेन सहस्रबाहो भव विश्वमूर्ते ।। ४६
श्री भगवानुवाच :
मया प्रसन्नेन तवार्जुनेदं रूपं परं दर्शितमात्मयोगात् ।
तेजोमयं विश्वमनन्तमाद्यं यन्मेत्वदन्येन न दृष्टपूर्वम्।। ४७
इस प्रकार स्पष्ट है कि अर्जुन की ऐसी विशिष्ट इच्छा को पूर्ण करने के लिए उसे मैंने अपना विश्वरूपदर्शन दिखलाया था। उसे इसलिए जिस प्रकार से मेरे इस रूप का दर्शन हुआ था, वैसा दर्शन कर पाना उसके सिवा अन्य किसी दूसरे के लिए संभव नहीं है। यह भी स्पष्ट है कि इस प्रकार के विश्वरूपदर्शन में अर्जुन ने यद्यपि समस्त चर-अचर, जड-चेतन, भूत-समष्टि को एकमेव नित्य विद्यमान चेतनामात्र की तरह अनुभव कर लिया था, न कि अक्षरशः अपने चर्म-चक्षुओं से देखा था, किन्तु यह अनुभव भी अस्थायी और इसलिए अनित्य होने से यह परमात्मा का वास्तविक दर्शन था ऐसा कहना उचित न होगा। 
अर्जुन से मैंने आगे कहा :
न वेदाध्ययनैर्न दानैर्न च क्रियाभिर्न तपोभिरुग्रैः। 
एवं रूप शक्य अहं नृलोके द्रष्टुत्वदन्येन कुरुप्रवीर।। ४८
इस प्रकार मैंने पुनः इसकी पुष्टि की, कि मेरे जिस स्वरूप का दर्शन उसे हुआ, उसे उसके अतिरिक्त न तो कोई अन्य पुरुष देख सकता है, और न ही वेदों आदि के अध्ययन से, दान, पूजा आदि विविध पुण्यकर्मों से, उग्र तप इत्यादि क्रियाओं से, भी इस प्रकार के दर्शन कर पाना लोक में किसी के लिए संभव है।
***
क्रमशः
-------->








Wednesday, May 12, 2021

उत्तरगीता

1.

महाभारत के युद्ध की समाप्ति के कुछ समय के बाद सर्वत्र शान्ति स्थापित हो चुकी थी । महाराज युधिष्ठिर धर्म के अनुसार पृथ्वी पर शासन कर रहे थे। तब एक दिन भगवान् श्रीकृष्ण से उन्होंने निवेदन करते हुए उनसे यह जिज्ञासा की --

"भगवन्! युद्ध की भीषण स्थिति में आपने अपने सखा, और मेरे अनुज को जो उपदेश प्रदान किया, उसका यत्किञ्चित अंश मुझे भी प्रदान हो, ऐसी मेरी अभिलाषा है। यदि भगवन् मुझे इस हेतु पात्र समझें तो इसे मैं अपना परम सौभाग्य समझूँगा।"

तब भगवान् श्रीकृष्ण ने मंदस्मित के साथ उनसे कहा --

"युधिष्ठिर! यह सत्य है कि उस समय मैंने अर्जुन से जो संवाद किया, वह तात्कालिकता और प्रासंगिकता की दृष्टि से यद्यपि संक्षिप्त ही था, और उसकी दार्शनिक पृष्ठभूमि में जाने का न तो अवसर था, न प्रश्न, परंतु अर्जुन की पात्रता उसकी वह  विषाद-पूर्ण मानसिक स्थिति ही थी, जिसके कारण वह मेरे वचनों को ध्यान और एकाग्रता से सुन, उनका तात्पर्य यथावत् ग्रहण कर पाया। युधिष्ठिर! लोक में अर्जुन जैसा, पात्र दुर्लभ ही होता है। 

तुम्हारी स्वयं की स्थिति में भी, यद्यपि तुम भी अवश्य ही अर्जुन के ही समान इस ज्ञान की प्राप्ति करने के अधिकारी हो, किन्तु अर्जुन के लिए उस समय की उसकी वह मनोदशा ही इस शिक्षा के लिए एक उपयुक्त महत्वपूर्ण कारण सिद्ध हुई। उसकी उस विषाद-पूर्ण मनःस्थिति के तथा मुझमें अपनी अगाध श्रद्धा के कारण ही वह पात्रता में तुमसे श्रेष्ठ न होते हुए भी तुमसे न्यून भी नहीं था। वैसे तो तुम्हें धर्म क्या है और अधर्म क्या है, इसका पूर्ण ज्ञान है, और तुम तदनुसार धर्म-अधर्म के विवेक से प्रेरित होकर धर्म का आचरण भी करते हो, किन्तु लौकिक धर्म अध्यात्म के धर्म से बहुत भिन्न है, इसलिए मैं तुम्हारी जिज्ञासा शान्त करने के लिए तुमसे गीता के उसी मर्म को प्रत्यक्ष कहूँगा जिसे युद्ध के समय  मैंने अर्जुन से परोक्षतः कहा था।

चूँकि यह मर्म, जो मैं तुमसे कहने जा रहा हूँ, उसे सुयोग्य भक्त,  मुमुक्षु या अधिकारी पुरुष उचित समय आने पर अपने हृदय में ही सुनता और जान लेता है :

(कालेनात्मनि विन्दति...३८, अध्याय४)  

इसलिए मनुष्य को चाहिए कि वह पहले चित्त को ध्यानपूर्वक शुद्ध कर संकल्प सहित भक्ति, ज्ञान  कर्मयोग (निष्काम कर्म) का आश्रय लेते हुए इसका श्रवण करे।

 इस प्रकार ध्यान से श्रवण करने के अनन्तर मनन एवं निदिध्यासन करते हुए वह अन्ततः मुझे ही प्राप्त होता है।

ऐसा ही मेरा कोई प्रिय भक्त.... "

***